राष्ट्रीय
21-May-2026
...


खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं और जमानत पर बाहर नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। राहुल गांधी पर तीखा पलटवार कर उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब वह पार्टी नहीं रही, बल्कि एक माओवादी, मुस्लिम कांग्रेस में बदल गई है। यह बयान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले दिया। केंद्रीय मंत्री सिंह ने स्पष्ट किया कि मंत्रिपरिषद की यह बैठक पहले से ही तय थी और इस राहुल गांधी के बयानों के जवाब में नहीं बुलाया गया था, क्योंकि मंत्रिपरिषद की बैठकें नियमित रूप से होती रहती हैं। कांग्रेस नेता पर सीधा हमला कर केंद्रीय मंत्री सिंह ने दावा किया कि देश में राहुल गांधी की पकड़ कमजोर हो गई है और कांग्रेस का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर प्रधानमंत्री मोदी को बार-बार अपशब्द कहने का आरोप लगाया, लेकिन कहा कि इन तमाम गालियों के बावजूद देश की जनता आज भी प्रधानमंत्री मोदी को पंसद करती है। राहुल गांधी पर व्यक्तिगत रूप से निशाना साधकर केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि वे खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं और जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए जिस भाषा का राहुल गांधी ने इस्तेमाल किया है, वह किसी विपक्ष के नेता के लिए कतई उपयुक्त नहीं है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने राष्ट्रीय संकटों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व का बचाव किया, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर संकट में देश के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं और आगे भी ऐसा ही होगा। गिरिराज सिंह की यह तीखी प्रतिक्रिया राहुल गांधी द्वारा एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करने के बाद आई है। राहुल गांधी ने चेतावनी दी थी कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की अशांति के कारण भारत पर आर्थिक तूफान आने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री देश को इसतरह के संकट के लिए तैयार करने में विफल रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ हुई मुलाकात पर कटाक्ष कर कहा था कि प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ टॉफियां खा रहे थे और वीडियो बना रहे थे, जबकि देश पर संकट मंडरा रहा था। आशीष दुबे / 21 मई 2026