ग्वालियर ( ईएमएस ) । भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव की अध्यक्षता की उपस्थिति में कांग्रेस भवन शिंदे की छावनी में स्थापित स्व. राजीव जी की प्रतिमा पर कांग्रेसजनों ने माल्यपर्ण कर पुष्पांजली अर्पित की। पुण्यतिथि कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश नायक जी की माताजी के निधन पर दो मिनट मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव दीक्षित ने किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राजीव गांधी जी का जीवन आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी अध्याय रहा है। वे न केवल भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने, बल्कि अपने नेतृत्व में उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने की दिशा में कई साहसिक कदम उठाए। उनका विज़न स्पष्ट था एक स्वतंत्र, समृद्ध, और तकनीकी रूप से सशक्त भारत। कंप्यूटर, टेलीकॉम और शिक्षा के क्षेत्र में जो क्रांति हमने देखी, उसकी नींव राजीव गांधी जी ने ही रखी थी। उन्होंने पंचायती राज प्रणाली को मज़बूत कर ग्राम स्वराज का सपना साकार करने की दिशा में कार्य किया। वे मानते थे कि भारत का भविष्य उसके युवाओं के हाथों में है और इसलिए उन्होंने युवाओं को तकनीकी ज्ञान, शिक्षा और अवसर देने पर विशेष बल दिया। 21 मई 1991 का वह काला दिन, जब एक आत्मघाती हमले में देश ने अपने इस दूरदर्शी नेता को खो दिया, भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक दुखद अध्याय बन गया। लेकिन आज भी, उनके विचार, उनकी नीतियाँ और उनका सपना हमारे बीच जीवित हैं। आज राजीव जी की पुण्यतिथि पर हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि हम उनके सपनों के भारत को साकार करने में अपना सम्पूर्ण योगदान देंगे। पुण्यतिथि कार्यक्रम में वीर सिंह तौमर, उदल सिंह, हरेन्द्र सिंह गुर्जर, देवेन्द्र सिंह चौहान, रामबाबू श्रीवास, अवनीश गौर, बेताल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव, महेश धनोलिया, श्रीमती रेखा जाटव, धर्मवीर राठौर, महादेव अपोरिया, अब्दुल हमीद पप्पू, देवेन्द्र सिंह बघेल, नरेश विरथरे, बुंदू खान, दिलीप सिंह, सुरेन्द्र सविता आदि उपस्थित थे। .