21-May-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को राजनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों और अवैध हथियारों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजनगर थाना को गुप्त सूचना मिली कि रामपट्टी बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा उनके निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने रामपट्टी बाजार पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ. इसके बाद हथियार को विधिवत जब्त कर आरोपी को थाना लाया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान रामकुमार यादव उर्फ़ रामाशीष यादव निवासी मोहनपुर, थाना राजनगर, जिला मधुबनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार उसे कहां से मिला और वह इसे किस उद्देश्य से लेकर घूम रहा था। एसपी योगेंद कुमार ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है तथा हथियार तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। - २१ मई/२०२६/ईएमएस