21-May-2026
...


- जिलों से मांगी गई सड़कों की सूची मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिला में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार सड़क सुरक्षा परिषद, पटना की ओर से जिला परिवहन पदाधिकारियों को पत्र जारी कर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के क्रियान्वयन के लिए संबंधित सड़कों का सर्वेक्षण कर विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। राज्य परिवहन आयुक्त द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिला में यातायात प्रबंधन को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा आईटीएमएस लागू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस प्रणाली के अंतर्गत ई-इनफोर्समेंट, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन सिस्टम, स्पीड मॉनिटरिंग समेत अन्य तकनीकी उपायों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित किया जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी राम बाबू ने बताया कि पूर्व में कई सड़कों का सर्वेक्षण एवं चयन किया जा चुका है। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में बढ़ते यातायात दबाव, दुर्घटना संभावनाओं तथा प्रवर्तन की आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त उपयुक्त स्थानों की पहचान करना आवश्यक हो गया है। पत्र में जिला परिवहन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ट्रैफिक पुलिस (ट्रैफिक विंग) के साथ संयुक्त रूप से सड़कों का पुनः सर्वेक्षण कराया जाए ताकि चयनित स्थल व्यवहारिक एवं प्रभावी साबित हो सके। साथ ही पूर्व में चयनित स्थानों के अतिरिक्त नए उपयुक्त स्थलों की भी पहचान करने को कहा गया है। विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि सर्वेक्षण से संबंधित सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध करानी होगी। सर्वेक्षण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश भी जारी किया गया है। परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि आईटीएमएस के लागू होने के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी। इससे दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ-साथ यातायात संचालन भी सुगम और सुरक्षित बनने की उम्मीद जताई जा रही है। - २१ मई/२०२६/ईएमएस