21-May-2026
...


- तटबंधों की निगरानी, सड़को की मरम्मती, चापाकल की मरम्मती, संकटग्रस्त समूहों की पहचान, आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर जीआर सूची का अपडेशन सहित कई मुद्दों पर दिया निर्देश - आपदा पीड़ितों को त्वरित गति से ससमय राहत पहुंचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता- डीएम मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में बाढ़ पूर्व की तैयारियों को लेकर गुरुवार को डीएम आनंद शर्मा ने जिले के संबंधित वरीय अधिकारियों, संबंधित विभागों के अभियंताओं के साथ बैठक कर कई दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार के खजाने पर सबसे पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। आपदा पीड़ितों को त्वरित गति से ससमय राहत पहुंचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में उससे निपटने के लिए तैयारियो को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें। उन्होंने कहा कि आपदा संपूर्ति पोर्टल पर सभी प्रकार के डाटा को ससमय अपडेट कर लें, ताकि आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर ससमय राहत पहुचाई जा सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय कर करवाई भी की जाएगी। डीएम ने एडीएम आपदा को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित कर के कि सभी अंचल अधिकारी आवश्यकता का आकलन करते हुए निजी नावों के लिए पर्याप्त संख्या में एकरारनामा करा लें,साथ ही क्षतिग्रस्त सरकारी नाव की मरम्मती अविलंब करवा लें। उन्होंने स्थाई बाढ़ आश्रय स्थल के साथ साथ अस्थाई बाढ़ आश्रय स्थल के समीक्षा के क्रम में कहा कि बाढ़ आश्रय स्थल में पेय जल,शौचालय आदि सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत कार्य से जुड़ी आवश्यक दवाइयों का समय से स्टॉक में रखें। इनमें सभी जीवन रक्षक दवा, एन्टी स्नैक,हेलोजन की गोलियां, ब्लीचिंग पाउडर आदि भी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हों यह हर हाल में सुनिश्चित कर लें। डीएम ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, मधुबनी को निर्देश दिया कि विभाग द्वारा चापाकलों की मरम्मति एवं नए लगाए जाने वाले चापाकलों के लिए भी तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी इसका सतत मॉनिटरिंग भी करेंगें। उन्होंने एडीएम आपदा को निर्देश दिया कि यह हर हाल में सुनिश्चित करें कि जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों सहित बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों द्वारा अपने क्षेत्राधीन बांधो का ससमय निरीक्षण करेंगें। यदि किसी स्थान पर उन्हें बांध की वर्तमान संरचना में कोई त्रुटि दिखाई दे तो अविलंब संबधित अभियंता से समन्वय स्थापित कर उसका त्वरित समाधान करेंगें। बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार,आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रजनीश कुमार एवं अन्य वरीय अभियंता सहित कई पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी उपस्थित थे। - २१ मई/२०२६/ईएमएस