क्षेत्रीय
21-May-2026
...


- गोंदिया-गढ़ा मेमू पैसेंजर सहित अन्य गाडिय़ां रहेगी रद्द सुरक्षा व गति सुधार के लिए किया जा रहा अधोसंरचना उन्नयन बालाघाट (ईएमएस). दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन यार्ड में अधोसंरचना उन्नयन कार्य के चलते 21 एवं 22 मई को विशेष ट्रैफिक और इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रेल संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा और कुछ मेमू यात्री गाडिय़ों को रद्द किया गया है। इस कार्य के दौरान गाड़ी संख्या 68817/ 68818 गोंदिया-गढ़ा मेमू पैसेंजर सहित गोंदिया से अन्य दिशाओं मं चलने वाली गाडिय़ां 21 व 22 मई को रद्द रहेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा गोंदिया यार्ड में पॉइंट क्रमांक 111बी/112 ए को 52 किलोग्राम रेल सेक्शन से 60 किलोग्राम रेल सेक्शन में परिवर्तित करने का कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए 21 और 22 मई को दोनों दिनों में 8 घंटे 30 मिनट का विशेष ब्लॉक निर्धारित किया गया है। इसमें इंजीनियरिंग विभाग द्वारा स्विच नवीनीकरण और पॉइंट सेटिंग के लिए 6 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इसके बाद सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा वायरिंग डिस्कनेक्शन, परीक्षण और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित है। वहीं, विद्युत विभाग द्वारा ओएचई परीक्षण के लिए अतिरिक्त 30 मिनट का ब्लॉक रहेगा। ब्लॉक अवधि के दौरान गोंदिया स्टेशन की लाइन क्रमांक 6 और 7 पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही अप दिशा की ट्रेनों का प्रवेश लाइन नंबर 7, 8, 9 और 10 पर अप मेन लाइन से नहीं किया जाएगा। ओएचई परीक्षण के दौरान इलेक्ट्रिक ट्रेनों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगाई जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस कार्य के पूर्ण होने के बाद डाउन मेन लाइन पर ट्रेनों की गति बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक की जा सकेगी, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया गया है। भानेश साकुरे / 21 मई 2026