धर्मशाला (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेत्री भूमि पेडनेकर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंचीं, जहां उन्होंने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात की। अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए अभिनेत्री ने इस खास पल को प्रशंसकों के साथ साझा किया, जिसके बाद उनकी पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी। भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह दलाई लामा के साथ शांत माहौल में बैठी नजर आईं। कुछ तस्वीरों में धर्मशाला की खूबसूरत पहाड़ियां, बौद्ध मठ और वहां का आध्यात्मिक वातावरण भी दिखाई दिया। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि दलाई लामा की मौजूदगी में उन्हें अद्भुत शांति और सुकून का एहसास हुआ। उन्होंने कहा कि वहां बिताया गया समय किसी सपने जैसा लग रहा था और जब वह वापस लौटीं तो उनकी आंखों से आंसू निकल आए। भूमि के अनुसार, इस अनुभव को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना आसान नहीं है, क्योंकि इसे उन्होंने दिल से महसूस किया। अभिनेत्री ने आगे बताया कि पिछले कुछ समय से वह खुद को समझने और मानसिक शांति की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो इंसान को भीतर से बदल देते हैं और उसे भगवान तथा जीवन के प्रति और अधिक आभारी बना देते हैं। भूमि ने कहा कि दलाई लामा से मिलना उनके लिए प्रेम, दया और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरा अनुभव था, जिसे वह जिंदगीभर याद रखेंगी। उनकी इस पोस्ट पर प्रशंसकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी और इस आध्यात्मिक यात्रा की सराहना की। दलाई लामा का जीवन और संघर्ष पूरी दुनिया में चर्चा का विषय रहा है। वर्ष 1959 में तिब्बत में चीन शासन के खिलाफ विद्रोह के बाद हालात बिगड़ गए थे, जिसके चलते दलाई लामा को तिब्बत छोड़ना पड़ा। वह अपने अनुयायियों के साथ हिमालय पार कर भारत पहुंचे थे। उस समय देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उन्हें भारत में शरण दी थी। बाद में धर्मशाला में तिब्बती निर्वासित सरकार का केंद्र स्थापित किया गया, जो आज भी तिब्बती समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। दलाई लामा को भारत में शरण दिए जाने के बाद भारत और चीन के संबंधों में तनाव बढ़ गया था। सुदामा/ईएमएस 22 मई 2026