मुंबई (ईएमएस)। अपनी आगामी फिल्म बॉम्बे स्टोरीज को लेकर अभिनेत्री अनुप्रिया गोयनका लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। ‘बॉम्बे स्टोरीज’ इस बार कान्स फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जा रही है। अनुप्रिया इसे अपने करियर का बेहद खास पड़ाव मान रही हैं। किसी भी कलाकार के लिए कान्स जैसे प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि माना जाता है। फिल्म का निर्देशन राहत शाह काजमी ने किया है, जबकि इसकी कहानी मशहूर लेखक सआदत हसन मंटो की चर्चित कहानी ‘हतक’ से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म समाज के उस संवेदनशील पक्ष को सामने लाती है, जिसके बारे में अक्सर खुलकर चर्चा नहीं होती। फिल्म में अनुप्रिया गोयनका ने एक सेक्स वर्कर ‘सौगंधी’ का किरदार निभाया है। उनके साथ मौनी रॉय और सुष्मिता सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म में सेक्स वर्कर्स की जिंदगी, उनके संघर्ष, समाज की सोच और उनके भीतर छिपी भावनात्मक दुनिया को संवेदनशील तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अनुप्रिया ने कहा कि वह लंबे समय से इंडिपेंडेंट सिनेमा का हिस्सा बनना चाहती थीं और उन्हें खुशी है कि उनकी पहली फिल्म मंटो की कहानी पर आधारित है। उन्होंने बताया कि ‘हतक’ का अर्थ अपमान होता है और पूरी कहानी इसी भावना के इर्द-गिर्द घूमती है। अनुप्रिया ने कहा कि उनका किरदार सौगंधी एक ऐसी महिला का प्रतिनिधित्व करता है, जो समाज के फैसलों और नजरियों के बीच खुद को समझने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि सौगंधी अपनी जिंदगी को स्वीकार कर चुकी है, लेकिन उसके भीतर भी प्यार, सम्मान और अपनापन पाने की गहरी इच्छा है। वह चाहती है कि लोग उसे केवल शरीर के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान और एक संवेदनशील महिला के रूप में देखें। अभिनेत्री ने कहा कि इस किरदार को निभाते हुए उन्होंने महिलाओं की भावनाओं और संघर्षों को और करीब से महसूस किया। सेक्स वर्क को लेकर अपनी राय रखते हुए अनुप्रिया गोयनका ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से यह पेशा चुनता है तो यह उसका व्यक्तिगत अधिकार है और समाज को उसका सम्मान करना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी महिला को मजबूरी में इस पेशे में धकेलना या उसके अधिकार छीन लेना बेहद गलत और दुखद स्थिति है। उन्होंने कहा कि समाज अक्सर सेक्स वर्कर्स को केवल एक वस्तु की तरह देखता है, जबकि उनको भी सम्मान की जरूरत होती है। सुदामा/ईएमएस 22 मई 2026