मनोरंजन
22-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। सोशल मीडिया सेंसेशन ओरी जल्द ही रोहित शेट्टी के चर्चित स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 15वें सीजन में नजर आएंगे। ओरी इस शो में शामिल होने को लेकर काफी उत्साहित हैं। इतना ही नहीं, अपने खास अंदाज में लगातार चर्चा बटोर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में अपनी तैयारियों और इस नए अनुभव को लेकर खुलकर बातें कीं। ओरी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह उनका पहला असली रियलिटी शो होगा और शायद आखिरी भी। उन्होंने कहा, “मैं एक रियलिटी शो वर्जिन हूं। यह मेरा डेब्यू भी होगा और मेरा रिटायरमेंट भी।” उन्होंने बताया कि वह पहले ‘बिग बॉस’ में सिर्फ एक दिन के लिए पहुंचे थे, इसलिए वह उसे पूरा रियलिटी शो अनुभव नहीं मानते। ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे चुनौतीपूर्ण शो का हिस्सा बनने को लेकर ओरी बेहद उत्साहित दिखाई दिए। उन्होंने अपनी तैयारी को लेकर एक मजेदार और चौंकाने वाला खुलासा भी किया। ओरी ने बताया कि उन्होंने शो के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार करने के साथ-साथ ‘बिकनी वैक्स’ भी करवाया है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि इससे उनके उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह दर्द सहन करने की एक तरह की परीक्षा थी, तो उन्होंने मजाक में जवाब दिया कि अब उन्हें लगता है कि वह किसी भी दर्द का सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर शो में बिजली के झटकों वाला टास्क भी आया तो शायद उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई स्विमिंग टास्क हुआ तो वह उसे भी आसानी से पूरा कर लेंगे। ओरी ने आगे बताया कि ज्यादातर लोग इस शो में अपने डर को हराने के लिए आते हैं, लेकिन उनके लिए यह शो खुद को परखने का एक नया मौका है। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी पहले से ही काफी चुनौतीपूर्ण और थकाने वाली रही है, इसलिए अब वह यह जानना चाहते हैं कि उनके भीतर अब भी किसी चीज का डर बाकी है या नहीं। उन्होंने कहा कि असली जवाब तो शो में ही मिलेगा, जहां कठिन स्टंट और मुश्किल परिस्थितियां उन्हें खुद से रूबरू कराएंगी। सुदामा/ईएमएस 22 मई 2026