-अमेरिकी वायुसेना की चेतावनी ने पूरी दुनिया के डिफेंस सेक्टर में मचा दी खलबली वाशिंगटन,(ईएमएस)। आसमान की जंग में जल्द ही एक ऐसा खौफनाक और हैरतअंगेज मोड़ आने वाला है, जिसकी कल्पना मात्र से दुनिया के दिग्गज लड़ाकू विमानों के होश उड़ सकते हैं। अभी तक दुनिया एफ-35 लाइटनिंग और राफेल जैसे पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ विमानों और उनके जांबाज इंसानी पायलटों की बहादुरी का लोहा मानती आई है, लेकिन अमेरिकी वायुसेना की ताजा चेतावनी ने पूरी दुनिया के डिफेंस सेक्टर में खलबली मचा दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी वायुसेना के एक शीर्ष जनरल ने खुली चेतावनी दी है कि आने वाले समय में एआई से लैस स्वायत्त यानी ऑटोनॉमस रोबोटिक फाइटर जेट्स इंसानी पायलटों को बहुत पीछे छोड़ देंगे। जब आसमान में गगनभेदी रफ्तार से उड़ने वाले सुपरसोनिक विमानों की कमान सुपरकंप्यूटर और एआई एल्गोरिदम के हाथ में होगी, तब पलक झपकते ही फैसले लेने वाले ये रोबोटिक लड़ाकू विमान एफ-35 और राफेल जैसे सर्वश्रेष्ठ इंसानी फाइटर्स को भी धूल चटा देंगे। यह भविष्य के उस विनाशकारी और अत्यधिक तकनीकी युद्ध की शुरुआत है, जहां इंसान सिर्फ तमाशा देखेगा और जंग रोबोट्स जीतेंगे। अमेरिकी वायुसेना के लेफ्टिनेंट जनरल क्रिस्टोफर निएमी ने सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के सामने एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पेंटागन अब पूरी तरह से एआई-संचालित युद्ध और अगली पीढ़ी के लड़ाकू सिस्टम पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। अमेरिकी वायुसेना इस समय अपने महत्वाकांक्षी कोलाबोरेटिव कॉम्बैट एयरक्राफ्ट प्रोग्राम पर तेजी से काम कर रही है। इस सीसीए प्रोग्राम के तहत ऐसे सेमी-ऑटोनॉमस और पूरी तरह ऑटोनॉमस ड्रोन विकसित किए जा रहे हैं, जो एफ-22 रैप्टर और भविष्य के अत्याधुनिक (एफ-47) जैसे अगली पीढ़ी के मानव-युक्त विमानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उड़ान भरेंगे। शुरुआती चरण में ये रोबोटिक विमान इंसानी पायलटों की देखरेख में काम करेंगे, लेकिन धीरे-धीरे ये सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और खतरनाक स्ट्राइक मिशनों को पूरी तरह स्वतंत्र रूप से अंजाम देने की क्षमता हासिल कर लेंगे। सिराज/ईएमएस 22 मई 2026