बिलासपुर (ईएमएस)। तखतपुर क्षेत्र में बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन की बड़ी मनमानी सामने आई है। ग्राम पंचायत लखासर में एक किसान की बेशकीमती जमीन पर बिना किसी पूर्व सूचना या लिखित नोटिस के हाई टेंशन विद्युत तार का टावर (खंभा) लगाया जा रहा है। विभाग के इस तानाशाही रवैये से आक्रोशित किसान ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए न्याय की गुहार लगाई है। सिर्फ फोन पर दी गई सूचना, नियमों की उड़ी धज्जियां ग्राम पंचायत लखासर के निवासी और पीडि़त किसान हरिशंकर तिवारी ने बिजली कंपनी और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी मर्जी के बिना विभाग द्वारा मनमाने ढंग से उनकी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। कायदे से भूमि अधिग्रहण या उपयोग के लिए विधिवत नोटिस जारी होना चाहिए था, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने केवल फोन पर सूचना दी कि उनकी जमीन पर हाई टेंशन तार का खंभा लगाया जा रहा है और आकर मुलाकात कर लें। किसान ने इसे पूरी तरह से नियमों का खुला उल्लंघन बताया है। छिन जाएगा आजीविका का एकमात्र साधन हरिशंकर तिवारी ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि जिस जमीन पर टावर लगाया जा रहा है, वह मुख्य सडक़ (मेन रोड) से लगी हुई बेहद कीमती भूमि है। सबसे बड़ी बात यह है कि पूरे परिवार के जीवन-यापन और भरण-पोषण का एकमात्र जरिया यही जमीन है। यदि इस जमीन पर हाई टेंशन का विशाल खंभा गाडकऱ तार खींच दिए जाते हैं, तो उनकी पूरी जमीन व्यावसायिक और कृषि दोनों ही दृष्टियों से पूरी तरह अनुपयोगी हो जाएगी। इससे उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। किसान की मांग -नौकरी दें या टावर हटाएं अपनी आजीविका को खतरे में देख व्यथित किसान ने शासन-प्रशासन के सामने पुरजोर मांग रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस हाई टेंशन खंभे को उनकी जमीन से हटाकर किसी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए, ताकि उनकी जमीन सुरक्षित रहे। यदि प्रशासन उसी जगह पर खंभा लगाना चाहता है, तो इस भारी नुकसान के मुआवजे के रूप में उनके परिवार के किसी एक सदस्य को शासकीय नौकरी प्रदान की जाए, जिससे उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके। मनोज राज 22 मई 2026