बिलासपुर (ईएमएस)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:करीब 2 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक थाना रतनपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरभाठा बेलतरा निवासी नीरज कुमार नेताम अपने घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और निर्देश मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ गांव में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से करीब 2 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पूरी कार्रवाई में अंशिका जैन, अमृतलाल साहू, विष्णु यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मनोज राज 22 मई 2026