22-May-2026
...


- पाइप बदलने एवं तकनीकी खराबियों को दूर करने तत्परता से कार्य कर रही है पीएचई विभाग की टीम रायसेन (ईएमएस)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग रायसेन की हैंडपम्प संधारण टीम ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। लगभग 44 डिग्री तापमान में भी विभाग द्वारा गठित टीम गांव-गांव पहुंचकर खराब पड़े हैंडपम्पों का सुधार कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल रही है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री गिरीश काम्बले ने बताया कि संधारण दल द्वारा खराब हैंडपंपों की मरम्मत, पाइप बदलने, लीकेज सुधारने एवं तकनीकी खराबियों को दूर करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। टीम का उद्देश्य गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न न होने देना है। ग्रामीणों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तेज गर्मी के बावजूद कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। इससे गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारु बनी हुई है और लोगों को राहत मिल रही है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री काम्बले ने बताया कि जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा जहां से भी हैंडपंप खराब होने की सूचना प्राप्त होती है, वहां तत्काल संधारण टीम भेजकर सुधार कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा संवेदनशील गांवों की सूची तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जिन क्षेत्रों में जलस्तर नीचे चला गया है वहां ग्रामीणों से पानी का सीमित एवं आवश्यक उपयोग करने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि ग्रीष्म ऋतु समाप्त होने तक हैंडपम्प संधारण अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारु बनी रहे। इसी प्रकार ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई नलजल योजनाओं का पंचायत के साथ समन्वय स्थापित कर सुचारू रूप से संचालन किया जा रहा है। योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के सहयोग से नियमित मॉनिटरिंग और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिससे ग्रामीणों को निरंतर नलजल योजनाओं के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। विभाग का प्रयास है कि ग्रीष्म ऋतु में किसी भी गांव में पेयजल की समस्या न होने पाए। ........ईएमएस/22/05/2026