नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली स्टेट हज कमेटी की देखरेख में 18 अप्रैल से शुरू हुई हज उड़ानों का समापन 20 मई को उड़ान संख्या एसवी-3155 की रवानगी के साथ हुआ। यह इस सीजन की 54वीं और अंतिम उड़ान थी। पवित्र हज यात्रा के लिए दिल्ली से उड़ानों का सिलसिला आखिरकार पूरा हो गया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 से मंगलवार शाम आखिरी हज उड़ान रवाना हुई, जिसमें 396 हज यात्री सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही दिल्ली एम्बार्केशन प्वाइंट से इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले हजारों यात्रियों की विदाई प्रक्रिया संपन्न हो गई। दिल्ली स्टेट हज कमेटी की देखरेख में 18 अप्रैल से शुरू हुई हज उड़ानों का समापन 20 मई को उड़ान संख्या एसवी-3155 की रवानगी के साथ हुआ। यह इस सीजन की 54वीं और अंतिम उड़ान थी। इस दौरान दिल्ली से कुल 21032 हज यात्रियों ने पवित्र हज यात्रा के लिए उड़ान भरी, जबकि अन्य राज्यों के 17821 यात्रियों की रवानगी भी इसी एम्बार्केशन प्वाइंट से कराई गई। हज यात्रियों को विदा करने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी, उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली सहित हज कमेटी और डायल के अधिकारी मौजूद रहे। यात्रियों और उनके परिजनों के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने कहा कि हज यात्रा के समापन के बाद 21 जून को विभिन्न एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में हाजियों की सुरक्षित और व्यवस्थित वापसी को लेकर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाजियों की वापसी का सिलसिला 2 जून से शुरू होगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/22/ मई/2026