राज्य
22-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बताया कि उनकी सरकार राजधानी में 100 ऑक्सीजन पार्क बनाने की योजना बना रही है। इनका मकसद दिल्ली के मौसम को बेहतर बनाने और प्रदूषण की समस्याओं से निपटना है। दिल्ली सरकार राजधानी के मौसम को बेहतर बनाने और प्रदूषण की समस्याओं से निपटने के लिए 100 ऑक्सीजन पार्क बनाने की योजना बना रही है, जिनमें घने पेड़ होंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित मुखमेलपुर गांव में 3 एकड़ जमीन पर बनने वाले पार्क की नींव रखते हुए इसकी घोषणा की। रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली में अपनी तरह का ऐसा पहला पार्क होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली कई सालों तक एक गैस चैंबर बनी रही, लेकिन किसी ने भी दिल्ली में प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए कोई ठोस कदम उठाने की परवाह नहीं की। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार पिछले एक साल से प्रदूषण से लड़ने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है और इन पार्कों की स्थापना उसी पहल का एक हिस्सा है। सीएम ने कहा कि इन सभी पार्कों में फल और घने छायादार पेड़ लगाए जाएंगे, ऑक्सीजन तो मुहैया कराएंगे ही साथ ही पक्षियों को आसरा भी देंगे। उन्होंने आगे कहा कि घने पेड़ों वाले ये पार्क दिल्ली की जरूरत हैं। बता दें कि, बीते कई सालों से दिवाली के बाद हर साल राजधानी दिल्ली वायु प्रदूषण के चलते गैस चैम्बर में तब्दील हो जाती है। इस दौरान कई जगहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लेवल 500 से लेकर 1000 तक पहुंच जाता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को सांस लेना तक दूभर हो जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र से लेकर राज्य सरकार द्वारा कई तरह के कदम उठाए जाते हैं, लेकिन काम और इंतजाम नाकाफी ही साबित होते रहे हैं। इसके चलते पक्ष-विपक्ष के नेता एक दूसरे पर नाकामी का ठीकरा फोड़ते हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/22/ मई/2026