राज्य
22-May-2026


-गाड़ी में जबरन गांजा रख तस्करी का लगाया आरोप फिर बनाया बंधक पन्ना,(ईएमएस)। पन्ना में सर्राफा व्यापारी को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार रुपए वसूलने वाले तीन पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में मडला थाना प्रभारी रचना पटेल, हेड कॉन्स्टेबल रज्जाक खान, कॉन्स्टेबल रामशरण और उनके साथी बृजेश यादव के खिलाफ साजिश रचने और जबरन वसूली की धाराएं लगाई गई हैं। इससे पहले तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया था। चारों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें ठिकानों पर छापे मार रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फरियादी मोहनलाल सोनी (40) रीवा के तरहटी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 15 मई को पन्ना एसपी को लिखित शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि 14 मई की दोपहर करीब एक बजे वे अपनी कार से बागेश्वरधाम जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे पन्ना के मड़ला गांव के पास पहुंचे तो एक पेट्रोल पंप के सामने अपनी गाड़ी पार्क कर रहे थे। इसी दौरान सिविल कपड़ों में दो युवक वहां आए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और सोनी पर गांजा तस्करी के आरोप लगाए। सोनी के इससे इनकार करने पर उन्होंने जबरन कार के दरवाजे खुलवाए। फिर, सीट से एक काली पॉलिथीन निकालकर दिखाई। युवकों ने दावा किया कि पॉलिथीन में गांजा है। मोहनलाल ने खुद को सर्राफा कारोबारी बताते हुए पैकेट के बारे में जानकारी होने से मना किया। इस पर एक युवक ने कहा कि यह मड़ला थाने के मुंशी हैं। मेरा नाम बृजेश यादव है। मैं शराब ठेके पर काम करता हूं। चलो, तुम्हारा मैटर निपटाते हैं। इसके बाद दोनों युवक व्यापारी की कार में बैठ गए। कुछ दूर शराब दुकान पर जाकर कार रुकवा दी। ​​मोहनलाल ने बताया कि शराब दुकान के पास पहुंचते ही वर्दी पहने एक पुलिसवाला आ गया। उसकी नेम प्लेट पर रामशरण लिखा था। तीनों मिलकर मोहनलाल को दुकान के पीछे ले गए। वहां करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। रामशरण ने कहा कि गांजा तस्करी के मामले से बचने के लिए एक लाख रुपए दे दो। व्यापारी के काफी हाथ-पैर जोड़ने के बाद सौदा 95 हजार में तय हुआ। इसके बाद मोहनलाल ने 45 हजार नकद दिए जबकि 50 हजार रुपए क्यूआर कोड पर ऑनलाइन ट्रांसफर किए। पैसे ऐंठने के बाद ही आरोपियों ने मोहनलाल को छोड़ा, जिसके बाद वे सीधे रीवा अपने घर लौट गए। व्यापारी की शिकायत पर पन्ना एसपी ने मामले की जांच कराई। इसमें साबित हो गया कि इन सभी आरोपियों ने मिलकर अवैध वसूली को अंजाम दिया था। इस पर एसपी ने पन्ना पुलिस लाइन के सब इंस्पेक्टर रामकृष्ण पांडे द्वारा मड़ला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। आगे की जांच एएसआई वृंदावन प्रजापति को सौंपी गई है। सिराज/ईएमएस 22मई26