कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचते ही जहां लोगों की एसी पर निर्भरता बढ़ गई है, वहीं एसी कॉपर पाइप और आउटडोर यूनिट चोरी करने वाले गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। हालात यह हैं कि घरों और दफ्तरों के बाहर लगे एसी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। खासकर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र इन दिनों चोरों का आसान निशाना बन चुका है, जहां लगभग हर रात चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार पिछले एक माह से लगातार एसी कॉपर पाइप और आउटडोर यूनिट चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कई मामलों में चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुए हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी बड़े गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है। लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल घटनास्थल का निरीक्षण कर औपचारिकता निभा रही है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स के दफ्तरों के एसी तक सुरक्षित नहीं हैं। एक दफ्तर में एक माह के भीतर दो बार कॉपर पाइप काटकर चोरी कर ली गई, जबकि एसबीआई के पास संचालित एक कार्यालय से चोर पूरा आउटडोर यूनिट ही खोलकर ले गए। यह सब उस इलाके में हुआ जहां जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी भी मौजूद है। स्थानीय लोगों के अनुसार चोर देर रात मुंह पर गमछा बांधकर आते हैं और आराम से एसी यूनिट खोलकर फरार हो जाते हैं। पुलिस के हाथ फुटेज तो लगते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल “जांच जारी है” कहकर मामला शांत कर दिया जाता है। ट्रांसपोर्ट नगर के अलावा निहारिका क्षेत्र की कॉलोनियों में भी लोग कबाड़ चोरों की हरकतों से परेशान हैं। कई घरों में दो-दो बार एसी पाइप चोरी हो चुकी है, जिससे लोग तीसरी बार मरम्मत कराने से भी डर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब पुलिस चोरी रोक नहीं पा रही, तो बार-बार होने वाले नुकसान की भरपाई कौन करेगा। 22 मई / मित्तल