22-May-2026
...


- कलेक्टर ने ब्रांच मैनेजर को हटाने के निर्देश दिए राजगढ़(ईएमएस)l जिले के ब्यावरा स्थित पीपलबे वेयरहाउस में भारी मात्रा में सरकारी गेहूं खराब होने पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा ने लापरवाही बरतने पर वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के ब्रांच मैनेजर संजय दांगी को तत्काल पद से हटाने और जिला वेयरहाउस प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए l पीपलबे स्थित वेयरहाउस नंबर-23 में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया करीब 13 हजार 600 क्विंटल गेहूं संग्रहित था। निरीक्षण के दौरान 8 स्टैक में रखी कुल 27 हजार 200 बोरियों में भारी मात्रा में घुन और कीड़े पाए गए। रखरखाव के अभाव में गेहूं बुरादे में तब्दील हो गया है। इस अनाज की कुल बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 57 लाख रुपए है। जांच में सामने आया कि वेयरहाउस में अनाज की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। नियमानुसार हर 15 दिन में कीटनाशक छिड़काव और हर तीन माह में विशेष उपचार अनिवार्य होता है, लेकिन यहां इन नियमों की अनदेखी की गई। रखरखाव में इसी बड़ी चूक के कारण करोड़ों रुपए का सरकारी गेहूं नष्ट होने की कगार पर पहुंच गया। - संयुक्त जांच दल ने शुरू की कार्रवाई कलेक्टर के बनाए जांच दल में उप संचालक कृषि, जिला खाद्य अधिकारी और जिला वेयरहाउस प्रबंधक शामिल हैं। टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के प्रबंधक जितेंद्र पाटीदार के अनुसार, वेयरहाउस का भुगतान फिलहाल रोक दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर एमडी द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। -निखिल/राजगढ़/22/5/2026