अवैध प्रवास एक सुनियोजित साजिश नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय गृंहमत्री अमित शाह ने सीमा पार घुसपैठ के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति का ऐलान कर दिया है, इसके तहत इस साल एक व्यापक स्मार्ट बॉर्डर परियोजना शुरू होगी। दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शपथ ग्रहण समारोह 2026 में शाह ने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार का लक्ष्य भारत की सीमाओं को सुरक्षित करना और सभी अवैध प्रवासियों को देश से बाहर कर देना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अवैध प्रवास एक सुनियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य कृत्रिम जनसांख्यिकीय परिवर्तन देश के अंदर लाना है। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि देश की जनसांख्यिकी को सुरक्षित रखने के लिए हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उस निर्वासित किया जाएगा। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय भारत की 6,000 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाएगा। केंद्रीय मंत्री शाह ने घोषणा की कि अगले वर्ष के भीतर, स्मार्ट बॉर्डर अवधारणा के तहत, बीएसएफ को ड्रोन, रडार और उन्नत कैमरों सहित आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। केंदीय मंत्री शाह ने बीएसएफ से आग्रह किया कि वह राज्य पुलिस, जिला कलेक्टरों और ग्राम पटवारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने खुफिया नेटवर्क को भौतिक सीमाओं से परे विस्तारित करे ताकि घुसपैठ और पशु तस्करी को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा की सरकारों के साथ नीतिगत तालमेल इस सुरक्षा तंत्र को मजबूती देगा, जिसके लिए गृह मंत्रालय जल्द ही इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेगा। वामपंथी उग्रवाद के उन्मूलन के प्रयासों से तुलना करते हुए, शाह ने कहा कि किसी समस्या को केवल नियंत्रित करना सुरक्षा नहीं है, बल्कि समस्या को जड़ से उखाड़ फेंकना ही सच्चा तरीका है। इस दौरान शाह ने कहा कि एक उच्च-स्तरीय जनसांख्यिकी मिशन का भी शुभारंभ किया जाएगा, जो अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का समर्थन करेगा। बीएसएफ के समर्पण और वीरता की सराहना कर शाह ने कहा कि अपनी स्थापना के बाद से, बल ने देश को पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि 1965 में 25 बटालियनों से शुरू हुआ यह बल आज 270,000 कर्मियों के साथ विश्व का सबसे बड़ा सीमा सुरक्षा बल बन गया है, जिसने देश की सुरक्षा में अतुलनीय योगदान दिया है और कभी भी भारत का सिर झुकने नहीं दिया। आशीष दुबे / 22 मई 2026