क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- व्यवस्थाएं मजबूत करने के दिए निर्देश अशोकनगर (ईएमएस) । जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने शुक्रवार को बाल संरक्षण व्यवस्थाओं और विद्युत सेवाओं की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य बाल संरक्षण को मजबूत बनाना और बिजली सेवाओं को अधिक सुचारू एवं उपभोक्ता हितैषी बनाना था। बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित दीक्षा शिशुगृह, पालना स्थलों, चाइल्ड लाइन, किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति के गठन व कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े मामलों की जानकारी ली। मंत्री शुक्ला ने जोर दिया कि जरूरतमंद और निराश्रित बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बाल संरक्षण संस्थाएं संवेदनशीलता से कार्य करें और बच्चों को बेहतर वातावरण प्रदान करें। इसके अतिरिक्त, बैठक में जिला विद्युत सलाहकार समिति के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने जिले में विद्युत व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक बनाने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति की स्थिति, ट्रांसफार्मरों की कार्यक्षमता, लाइन विस्तार कार्य तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान मंत्री शुक्ला ने कहा कि आम नागरिकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना कंपनी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने और आवश्यक स्थानों पर लाइन विस्तार के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए। विद्युत कटौती के संबंध में प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कटौती का समय पूर्व निर्धारित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने और बिजली सेवाओं में सुधार के लिए लगातार निगरानी रखने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस / 22/ 05/2026