क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- जिला स्तरीय समीक्षा बैठक जबलपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला शहरी विकास अभिकरण की जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में बरगी विधायक नीरज सिंह, सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अमृत 2.0 योजना के तहत हरित क्षेत्र विकास, जल निकायों के कायाकल्प, पेयजल और सीवरेज कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज फंड योजना के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। कटंगी को लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना प्रस्तुत की गई। वहीं भेड़ाघाट को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। विधायक नीरज सिंह ने भेड़ाघाट स्वर्गद्वारी रोड के सौंदर्यीकरण, ग्रीन पार्क, जूलॉजिकल गार्डन, आधुनिक लाइटिंग और स्वीमिंग पूल निर्माण के सुझाव दिए। स्वच्छता, पेयजल और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश... कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता और बड़े स्तर पर तैयार की जाएं। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने भी योजनाओं को नई दिशा देने की बात कही। बैठक में सुंदरवन क्षेत्र को ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। विधायक संतोष वरकड़े ने सिहोरा क्षेत्र में धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं का मुद्दा उठाया, जिस पर कलेक्टर ने समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण, कचरा संग्रहण और कठौंदा कचरा प्लांट तक परिवहन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा नागरिकों को अधिक फीडबैक देने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 22 मई 2026 / 06.22