क्षेत्रीय
22-May-2026
...


:: खाद्य एवं औषधि प्रशासन की पहल पर उन्मुखीकरण कार्यशाला; तेलों में ट्रांस फैट की मात्रा दो प्रतिशत से कम रखने की सलाह :: इंदौर (ईएमएस)। खान-पान के मामले में देश की अनौपचारिक राजधानी माने जाने वाले इंदौर को अब स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी आदर्श बनाने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा जपाइगो (JHPIEGO) के सहयोग से ट्रांसफार्म परियोजना के अंतर्गत ट्रांस फैट उन्मूलन पर होटल एसोसिएशन के सदस्यों के लिए एक विशेष उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शहर के खाद्य व्यवसायियों को ट्रांस फैट के गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उनके स्थान पर सुरक्षित व स्वास्थ्यवर्धक तेल के विकल्पों के उपयोग को बढ़ावा देना था। :: हृदय रोग और मोटापे का मुख्य कारण है ट्रांस फैट :: कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों ने रेखांकित किया कि ट्रांस फैट मानव शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक है, जो सीधे तौर पर हृदय रोग के जोखिम को बढ़ाता है। यह मुख्य रूप से वनस्पति घी, बार-बार उबाले गए या गहरे तले हुए जंक फूड और मार्जरीन में पाया जाता है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि यह फैट शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को बढ़ाता है, जिससे धमनियां सिकुड़ और सख्त हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त यह पाचन संबंधी विकार, मोटापा, शारीरिक सूजन और प्रजनन स्वास्थ्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। :: खरीदते समय पोषण लेबल देखना जरूरी :: कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञ डॉ. स्वाति भारद्वाज और डॉ. ज्योति बेनावारी ने होटल व बेकरी संचालकों को व्यावहारिक दिशा-निर्देश दिए: - पोषण की जानकारी : केवल वही पैक्ड फैट और तेल खरीदें, जिन पर ट्रांस फैट की मात्रा सहित विस्तृत पोषण (Nutritional Value) अंकित हो। - दो प्रतिशत की सीमा : ऐसे तेल और फैट को प्राथमिकता दें जो पूरी तरह ट्रांस फैट मुक्त हों या जिनमें इसकी मात्रा दो प्रतिशत से कम हो। - सीमित उपयोग : व्यंजनों को तैयार करते समय फैट और तेल का न्यूनतम व संतुलित उपयोग सुनिश्चित करें। - इस्तेमाल किए गए तेल का निपटान : कड़ाही में बचे हुए प्रयुक्त तेल (यूस्ड कुकिंग ऑयल) का दोबारा उपयोग करने के बजाय उसे बायोडीजल, साबुन और लुब्रिकेंट निर्माण के लिए सुरक्षित रूप से रीसायकल हेतु सौंपें। - स्वस्थ इंदौर का संकल्प : विशेषज्ञों ने आह्वान किया कि इंदौर के स्वाद के साथ कोई समझौता किए बिना इन स्वस्थ तकनीकी परिवर्तनों को अपनाकर एक स्वस्थ इंदौर के निर्माण में सभी अपनी भागीदारी निभाएं। :: सराफा और छप्पन दुकान एसोसिएशन की रही मौजूदगी :: इस महत्वपूर्ण आयोजन में स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित शहर के प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों, बेकरी, डेयरी संघों के साथ-साथ प्रसिद्ध छप्पन दुकान और सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन भूमिका सीरवानी, शाहिद अहमद लश्कर और आदर्श सुकुमारन द्वारा किया गया।