क्षेत्रीय
22-May-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस) । शहर से करीब 8 किलो मीटर दूर ईसागढ़ रोड स्थित तरावली चौराहे पर शुक्रवार को किसानों ने बिजली कटौती और खाद की किल्लत को लेकर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों के साथ सडक़ पर उतर आए। इस दौरान अशोकनगर-ईसागढ़ मार्ग सहित आसपास के गांवों को जोडऩे वाले रास्तों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ जब जिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रभारी मंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां चल रही थीं। किसानों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली और खाद की समस्या बनी हुई है। उन्होंने पहले भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर समाधान का आश्वासन प्राप्त किया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। किसानों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय केवल दो से तीन घंटे ही बिजली मिल रही है। यह आपूर्ति भी लगातार नहीं होती, बल्कि बार-बार कटौती की जाती है। वहीं खाद की कमी के कारण आगामी फसलों की तैयारी प्रभावित हो रही है। किसानों ने चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रहेगा। करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हो गया और यातायात बहाल कर दिया गया। इस दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि आज से बिजली कटौती में कमी की जाएगी। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। ईएमएस / 22/ 05/2026