राज्य
22-May-2026
...


:: भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का होगा समाधान :: इंदौर (ईएमएस)। जनसुनवाई में वृद्धजनों से लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन आगामी 25 मई (सोमवार) को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक विशेष शिविर आयोजित करने जा रहा है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे त्वरित निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर पूरी तरह परिणाममूलक होना चाहिए। बुजुर्गों को बैठने या पेयजल की कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी एसडीएम को अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के आदेश दिए गए हैं। शिविर में मुख्य रूप से भरण-पोषण अधिनियम के मामलों, सामाजिक उपेक्षा और पेंशन विसंगतियों का निपटारा किया जाएगा। पारिवारिक विवादों को सुलझाने के लिए बुजुर्गों के साथ उनके बच्चों को भी मौके पर बुलाया जाएगा, ताकि आपसी मध्यस्थता से सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर स्थल पर ही एक विशेष हेल्थ कैंप भी लगाया जाएगा। प्रकाश/22 मई 2026