राज्य
22-May-2026


:: अनारक्षित वर्ग के मेधावी छात्रों को मिलेगी 36 लाख रू. तक की सहायता; 25 मई शाम 6 बजे तक कर सकते हैं आवेदन :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देखने वाले मध्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए राज्य के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग ने विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 (जनवरी से जून 2026 सत्र) के लिए पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह योजना विशेष रूप से अनारक्षित वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से उन्हें स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी स्तर पर विदेश में पढ़ाई के लिए राज्य सरकार द्वारा बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आगामी 25 मई 2026 की शाम 6 बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। :: हर वर्ष 20 विद्यार्थियों को मिलता है लाभ :: अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत प्रतिवर्ष कुल 20 छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं। इनमें जनवरी से जून सत्र के लिए 10 और जुलाई से दिसंबर सत्र के लिए 10 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। प्राप्त आवेदनों और पात्रता के आधार पर चयन समिति अंतिम निर्णय लेती है। :: पात्रता के लिए यह शर्तें होंगी जरूरी :: मूल निवासी : आवेदक का मध्य प्रदेश का मूल निवासी और अनारक्षित वर्ग से होना अनिवार्य है। स्कूली शिक्षा : कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा मध्य प्रदेश स्थित विद्यालयों से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अंक प्रतिशत : पीजी के लिए स्नातक में और पीएचडी के लिए स्नातकोत्तर में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। आयु सीमा : पीजी के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष और पीएचडी के लिए 35 वर्ष निर्धारित है। आय सीमा : परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों को मिलाकर 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और आवेदक कहीं कार्यरत न हो। :: क्यूएस टॉप-500 विश्वविद्यालयों में ही मिलेगा दाखिला :: योजना की एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि छात्र केवल उन्हीं विदेशी विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए पात्र होंगे जो क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग (QS World University Rankings) की वैश्विक सूची के शीर्ष 500 संस्थानों में शामिल हैं। संबंधित विश्वविद्यालय से प्रवेश अथवा ऑफर लेटर प्राप्त होना अनिवार्य है और छात्र को स्वयं अपने प्रयासों से स्टूडेंट वीजा प्राप्त करना होगा। :: 36 लाख रू. तक की मिलेगी व्यापक आर्थिक सहायता :: यह योजना चयनित छात्रों को व्यापक वित्तीय सहयोग प्रदान करती है। राज्य सरकार शिक्षण शुल्क, वीजा शुल्क, बीमा प्रीमियम, इकोनॉमी क्लास हवाई यात्रा और अन्य आवश्यक शैक्षणिक व्यय वहन करेगी। योजना के तहत अधिकतम 40 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 36 लाख रुपये) तक की सहायता दी जाएगी। इसमें 38 हजार डॉलर शिक्षण शुल्क (जो सीधे विश्वविद्यालय को भेजा जाएगा) और 2 हजार डॉलर पुस्तकें, शोध सामग्री व उपकरणों के लिए निर्धारित हैं। :: 100 अंकों की मेरिट और इंटरव्यू से होगा चयन :: विद्यार्थियों का चयन 100 अंकों की मेरिट प्रणाली के आधार पर किया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, चयनित विश्वविद्यालय की रैंकिंग और साक्षात्कार को आधार बनाया जाएगा। पहले परीक्षण समिति आवेदनों की जांच करेगी, जिसके बाद चयन समिति साक्षात्कार लेकर अंतिम सूची जारी करेगी। पढ़ाई के दौरान छात्रों के परफॉर्मेंस की नियमित निगरानी की जाएगी और रिपोर्ट असंतोषजनक होने पर छात्रवृत्ति समाप्त भी की जा सकती है। :: ऐसे करें आवेदन :: इच्छुक विद्यार्थी अपना आवेदन पत्र स्वयं जाकर, वाहक, डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, सतपुड़ा भवन, भोपाल में निर्धारित समय सीमा तक जमा कर सकते हैं। विस्तृत मार्गदर्शिका विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रकाश/22 मई 2026