राज्य
22-May-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अगले पांच वर्षों के भीतर 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत हर साल करीब 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी और नियुक्ति संबंधी विज्ञापन प्रत्येक वर्ष जुलाई महीने में जारी किया जाएगा। समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के स्थानांतरण और छात्र-छात्राओं की सुविधाओं को लेकर भी कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शिक्षकों की तैनाती यथासंभव उनके गृह पंचायत या उससे सटे पंचायत में की जाएगी, जबकि पुरुष शिक्षकों का स्थानांतरण गृह प्रखंड के आसपास करने के लिए नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग को स्थानांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं को पोशाक उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जीविका समूहों के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे समय पर पोशाक की आपूर्ति होगी और महिलाओं के स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि राज्य के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। संतोष झा- २२ मई/२०२६/ईएमएस