सोशल मीडिया पर बढ़ा ट्रेंड इस्लामाबाद(ईएमएस)। भारत में कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अब पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी इसकी नकल शुरू हो गई है। पाकिस्तान में इस ट्रेंड को कॉपी करते हुए कॉकरोच अवामी लीग, कॉकरोच अवामी पार्टी और मुत्तहिदा कॉकरोच मूवमेंट जैसे नामों से कई सोशल मीडिया अकाउंट्स बना लिए गए हैं। इन पाकिस्तानी अकाउंट्स के लोगो में भी कॉकरोच की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। पाकिस्तान में बनी इन कॉकरोच पार्टियों का मुख्य फोकस वहां के युवाओं पर है। कॉकरोच अवामी पार्टी के सोशल मीडिया बायो में इसे युवाओं द्वारा पाकिस्तान के लिए शुरू किया गया एक पॉलिटिकल फ्रंट बताया गया है। वहीं एक अन्य अकाउंट के बायो में लिखा गया है कि जिन्हें मौजूदा सिस्टम ने कॉकरोच समझा, यह डिजिटल मंच उन्हीं आम अवाम की आवाज है। इन अकाउंट्स की गतिविधियों और पोस्ट को देखकर साफ पता चलता है कि इनका मुख्य एजेंडा वहां के सत्ताधारी दलों और व्यवस्था का विरोध करना है। हालांकि, यह सिर्फ सोशल मीडिया का एक ट्रेंड बनकर रह जाएगा या जमीन पर भी इसका कोई असर दिखेगा, यह आने वाले समय में ही साफ हो पाएगा। इस अनोखे ट्रेंड की शुरुआत भारत में सीजेआई सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी और कहा था कि ये बाद में सोशल मीडिया और आरटीआई एक्टिविस्ट बन जाते हैं। इस बयान पर काफी विवाद छिड़ा, जिसके बाद उन्होंने सफाई भी दी कि उनके बयान को गलत ढंग से पेश किया गया था और उनका मकसद युवाओं की आलोचना करना नहीं था। इसके बाद अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय मूल के अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की स्थापना की, जिसका मुख्य फोकस देशभर के छात्रों, युवाओं और बेरोजगारी के मुद्दों पर है। इस पार्टी ने डिजिटल दुनिया में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की और इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा दो करोड़ के पार पहुंच गया, जिसने मुख्य राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया। देश की सुरक्षा का हवाला देते हुए इसके पहले अकाउंट को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया था, लेकिन इसके फाउंडर द्वारा नया अकाउंट बनाते ही दोबारा इससे लाखों यूजर्स तेजी से जुड़ गए हैं। अब इसी लोकप्रियता को देखते हुए पाकिस्तान के युवा भी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इस ट्रेंड को कॉपी कर रहे हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/23मई 2026