प्रियांश आर्या संग मजाक पड़ा भारी नई दिल्ली (ईएमएस)। अर्शदीप सिंह एक बार फिर अपनी सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर चर्चा में आ गए हैं। पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने हाल ही में एक वीडियो साझा किया, जिसमें टीम के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही चर्चा का विषय बन गया और कई प्रशंसकों ने अर्शदीप को ट्रोल करना शुरू कर दिया। पंजाब किंग्स की टीम इस समय लखनऊ में मौजूद है, जहां उसे अपना आखिरी लीग मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है। यह मैच टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें इसी मुकाबले पर टिकी हुई हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर टीम बस का एक वीडियो सामने आया, जिसमें अर्शदीप सिंह अपने साथी खिलाड़ी प्रियांश आर्या के साथ मजाक करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अर्शदीप खुद नजर नहीं आते, लेकिन उनकी आवाज साफ सुनाई देती है। वह प्रियांश आर्या को कैमरे की ओर देखकर मुस्कुराने और दांत दिखाने के लिए कहते सुनाई देते हैं। उस दौरान प्रियांश आर्या बस में साथी खिलाड़ी हरप्रीत बरार के साथ बैठे दिखाई देते हैं। वीडियो में प्रियांश कैमरे से नजरें बचाते हुए मोबाइल फोन इस्तेमाल करते दिखे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कहा कि वह इस मजाक से असहज महसूस कर रहे थे। इस वीडियो को लेकर फैंस की राय बंटी हुई है। कुछ लोगों का कहना है कि टीम के खिलाड़ियों के बीच इस तरह का हल्का-फुल्का मजाक सामान्य बात है, जबकि कुछ प्रशंसकों ने इसे अनुचित बताया। कई यूजर्स ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों को युवा खिलाड़ियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए। यह पहली बार नहीं है जब अर्शदीप सिंह किसी वीडियो को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले भी वह मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा को लेकर की गई टिप्पणी के कारण चर्चा में रहे थे। अर्शदीप सिंह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 13 मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं और पिछले कुछ मुकाबलों में उनकी गेंदबाजी में सुधार भी देखने को मिला है। डेविड/ईएमएस 23 जून 2026