देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु को राहुल गांधी, खड़गे ने दी श्रद्धांजलि नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के पहले पीएम और उनके पर-दादा पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दीं। राहुल गांधी ने एक्स पर पंडित नेहरू को याद करते हुए लिखा- देश के प्रथम प्रधानमंत्री, पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राहुल गांधी ने कहा कि नेहरुजी ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखते हुए एक समावेशी, सौहार्दपूर्ण और प्रगतिशील भारत निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। इसके साथ राहुल गांधी ने शांति वन पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर कई तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें वह मौन श्रद्धांजलि देते नजर आए। उनके साथ कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी थे। राहुल गांधी ने अपने संदेश में पंडित नेहरू के उस विजन को भी रेखांकित किया, जिसमें स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक सोच को भारत की आत्मा बताया गया था। कांग्रेस लगातार यह संदेश देती रही है कि नेहरूजी ने केवल राजनीतिक आजादी की लड़ाई नहीं लड़ी, बल्कि स्वतंत्र भारत के संस्थानों, लोकतांत्रिक ढांचे और आधुनिक विकास मॉडल की भी बुनियाद रखी। नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शांति वन पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें पंडित जवाहरलाल नेहरू का निधन 27 मई 1964 को हुआ था। वह आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बने और करीब 17 सालों तक इस पद पर रहे। उनके कार्यकाल में देश में बड़े बांधों, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, वैज्ञानिक संस्थानों और उच्च शिक्षा केंद्रों की स्थापना हुई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और अंतरिक्ष एवं परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम जैसी पहलों को आधुनिक भारत की आधारशिला माना जाता है। सिराज/ईएमएस 27मई26