- बेटी की कंपनी से जुड़ा है मामला तिरुआनंतपुरम(ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। यह कार्रवाई उनकी बेटी वीणा विजयन की आईटी फर्म एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। अधिकारियों के अनुसार, जांच एजेंसी पूर्व मुख्यमंत्री के आवास सहित लगभग 10 ठिकानों पर तलाशी ले रही है। ईडी की टीमें सुबह से ही इन परिसरों पर सघन अभियान चला रही हैं, जिसके बाद से राज्य के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। यह पूरी कार्रवाई कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा विजयन की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच का हिस्सा है। दरअसल, यह विवाद साल 2019 में तब शुरू हुआ था जब आयकर विभाग ने सीएमआरएल के ठिकानों पर छापे मारे थे। उस जांच में यह बात सामने आई थी कि सीएमआरएल ने 2017 से 2019 के बीच वीणा विजयन की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। आरोप है कि यह भुगतान बिना किसी सॉफ्टवेयर या आईटी सेवा के फर्जी खर्च के तौर पर किया गया था। इस खुलासे के बाद ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज कर अपनी जांच आगे बढ़ाई थी। इस छापेमारी से ठीक एक दिन पहले केरल हाईकोर्ट ने इस मामले में एक बेहद अहम फैसला सुनाया था। अदालत ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए इस संदिग्ध लेनदेन में ईडी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को सिरे से खारिज कर दिया था। सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक और अन्य शीर्ष अधिकारियों ने हाईकोर्ट का रुख कर ईडी द्वारा दर्ज मामले और जारी समन को रद्द करने की मांग की थी। याचिकाकर्ताओं की दलील थी कि इस मामले में पीएमएलए के तहत कोई अनुसूचित अपराध नहीं बनता और चूंकि गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) पहले से इसकी जांच कर रहा है, इसलिए ईडी की कार्रवाई की जरूरत नहीं है। हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को अमान्य घोषित कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि ईडी को बिना किसी औपचारिक एफआईआर के भी पूछताछ करने और समन जारी करने का पूरा अधिकार है। कोर्ट ने यह भी माना कि एसएफआईओ और ईडी दोनों एजेंसियों की जांच का दायरा तथा उद्देश्य पूरी तरह से अलग-अलग हैं। अदालत से हरी झंडी मिलने के बाद ही ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री के ठिकानों पर यह बड़ा एक्शन लिया है। वीरेंद्र/ईएमएस/27मई 2026