खेल
23-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने इंडियन प्रीमियर लीग में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने आईपीएल करियर के 100 छक्के पूरे किए और इस मामले में टी20 क्रिकेट के दिग्गज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। पाटीदार ने यह उपलब्धि सिर्फ 933 गेंदों में हासिल की, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रजत पाटीदार ने 56 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक लंबा छक्का लगाया। इसी छक्के के साथ उन्होंने आईपीएल में 100 सिक्स पूरे किए। इससे पहले क्रिस गेल ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 943 गेंदों का सामना किया था। पाटीदार ने उनसे 10 गेंद कम लेकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के लगाने के मामले में पाटीदार अभी तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल शीर्ष पर बने हुए हैं। रसेल ने सिर्फ 657 गेंदों में 100 छक्के पूरे कर दिए थे। दूसरे नंबर पर निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि 884 गेंदों में हासिल की थी। इसके बाद रजत पाटीदार, क्रिस गेल, सुनील नरेन और शिवम दुबे का नाम आता है। अगर मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने 56 रन, ईशान किशन ने 79 रन और हेनरिक क्लासेन ने 51 रन की विस्फोटक पारियां खेलीं। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की शुरुआत लड़खड़ा गई, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार और कृणाल पंड्या ने टीम को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी हुई। पाटीदार ने 56 रन बनाए, जबकि कृणाल पंड्या 41 रन बनाकर नाबाद लौटे। आरसीबी निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 200 रन ही बना सकी। हालांकि हार के बावजूद आरसीबी ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। टीम का नेट रन रेट सबसे बेहतर रहा, जिसके चलते वह पहले स्थान पर रही। अब 26 मई को धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबले में उतरेगी। डेविड/ईएमएस 23 जून 2026