खेल
23-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। 15,921 रनों का यह ऐतिहासिक आंकड़ा लंबे समय तक अटूट माना जाता रहा, लेकिन अब इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर रूट ने क्रिकेट जगत में इस बहस को तेज कर दिया है कि क्या वह सचिन का यह महान रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे। जो रूट इस समय टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनके नाम 13,943 रन दर्ज हैं और वह सचिन तेंदुलकर से सिर्फ 1,978 रन पीछे हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए माना जा रहा है कि अगर रूट फिट रहते हैं और अगले दो साल तक इसी निरंतरता के साथ खेलते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड तक पहुंच सकते हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में जो रूट ने पहली बार इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अब उनसे यह सवाल इतनी बार पूछा जाता है कि वह चाहकर भी इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते। रूट ने सचिन तेंदुलकर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने क्रिकेट में जो हासिल किया, वह असाधारण है। रूट ने कहा कि सचिन का करियर उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि सचिन ने उनके जन्म से पहले टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और जब रूट ने टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा, तब भी सचिन खेल रहे थे। रूट के मुताबिक इतनी लंबी अवधि तक शीर्ष स्तर पर खेलना अपने आप में एक अद्भुत उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ टेस्ट क्रिकेट ही नहीं, बल्कि वनडे क्रिकेट में सचिन के 49 शतक भी उनकी महानता को साबित करते हैं। हालांकि रूट ने साफ किया कि उनका ध्यान रिकॉर्ड्स से ज्यादा अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने पर रहता है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपनी बल्लेबाजी में कुछ नया जोड़ने और तकनीकी रूप से खुद को और मजबूत बनाने की कोशिश करते हैं। रूट के अनुसार जब वह क्रीज पर होते हैं तो उनका पूरा फोकस सिर्फ मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलने पर रहता है, न कि आंकड़ों या रिकॉर्ड्स पर। इंग्लैंड के इस दिग्गज बल्लेबाज की निरंतरता और शानदार तकनीक ने उन्हें आधुनिक दौर के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या जो रूट आने वाले समय में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाएंगे या नहीं। डेविड/ईएमएस 23 जून 2026