क्षेत्रीय
23-May-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले के ग्राम महेंद्रपुर में पिछले 10 दिनों से सोलर पंप खराब होने के कारण गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। सोलर पंप के बंद हो जाने से गांव में पीने के पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि ग्रामीण अब मजबूरी में बोरिंग के सहारे पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, वहीं गांव में लगे हैंडपंप भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। गर्मी के मौसम में पानी की कमी ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ग्रामीण रजेसिंह जैन, कलेश जैन, धन्नूलाल जैन और ओमप्रकाश सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में पेयजल का कोई वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध नहीं है। सोलर पंप ही पूरी पेयजल व्यवस्था का मुख्य आधार था, लेकिन इसके खराब होने से पूरा गांव प्रभावित है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सोलर पंप की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। - ईएमएस / 23 मई 2026