23-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम लोगों के सामने अब सड़क की जन्मकुंडली होगी। सड़क की शिकायतों के लिए पीडब्ल्यूडी क्यूआर कोड पहल शुरू करने जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने गत मार्च में इसकी घोषणा की थी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस सेवा के लिए टेंडर जारी कर दिया है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि यह पहल जल्द ही लागू की जाएगी, इस पर काम किया जा रहा है। ये क्यूआर कोड नई बनने वाली सड़कों पर लगेंगे। जिसके तहत लोग सड़क पर लगे क्यू आर कोड पर अपनी सड़क के बारे में जान सकेंगे और खराब हालत होने पर उसकी शिकायत भी इस कर सकेंगे। इस पर लिखा जाएगा कि नो योर रोड यानी अपनी सड़क के बारे में जानिए। अधिकारियों के अनुसार कई कदम उठाने के बावजूद अभी लोगों के पास शिकायतें देने, सड़क बनने की हिस्ट्री जानने और मेंटेनेंस रिकार्ड चेक करने के लिए कोई सीधी सुविधा नहीं है। अब पीडब्ल्यूडी एक पोर्टल बनाएगा, जहां क्यूआर कोड स्कैन करके शिकायतें दी जा सकेंगी। पीडब्ल्यूडी के तहत 1440 किलोमीटर सड़क पर ऑनलाइन सर्विस डेवलप करने और क्विक रिस्पान्स (क्यूआर) कोड लगाने के लिए एक टेंडर को मंजूरी दे दी गई है। नो योर रोड पहल के तहत, शिकायत सुलझाने के लिए एक आनलाइन मॉनिटरिंग डैशबोर्ड भी बनाया जाएगा, जो क्यूआर कोड से जुड़ा होगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/ मई/2026