क्षेत्रीय
23-May-2026
...


नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में सोमवार 25 मई से आधिकारिक रूप से 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू की जा रही है। दरअसल बढ़ती गर्मी, तेज़ी से हो रहे जल वाष्पीकरण और ‘एल-निनो’ तथा ‘आईओडी’ के प्रभाव के कारण मुख्य जलस्रोत मोरबे बांध के जलस्तर में चिंताजनक गिरावट दर्ज की गई है। इसी को देखते हुए भविष्य में संभावित गंभीर जलसंकट से बचने के लिए महानगरपालिका ने एहतियाती कदम उठाया है। महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, पानी की उपलब्धता संतुलित बनाए रखने और लंबे समय तक जलापूर्ति जारी रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत महानगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न विभागों में सप्ताह में दो दिन शाम के समय पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यदि अभी से पानी बचाने के उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए नागरिकों से पानी का उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी से करने की अपील की गई है। मनपा ने लोगों से अनावश्यक पानी खर्च करने से बचने, रिसाव तुरंत ठीक कराने और जल संरक्षण के उपाय अपनाने का आग्रह किया है। प्रशासन का कहना है कि मानसून की स्थिति और जलाशय में पानी की उपलब्धता की समीक्षा के बाद आगे के निर्णय लिए जाएंगे। - २३ मई/२०२६/ईएमएस