क्षेत्रीय
23-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नवनियुक्त सचिव आर. संगीता ने अपने पहले बिलासपुर दौरे के दौरान नगर निगम की योजनाओं, विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। सचिव आर. संगीता ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नगर निगम के कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक शहर में चल रही विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं का निरीक्षण किया। - राजस्व वसूली और कर्मचारियों के वेतन पर जोर समीक्षा बैठक में सचिव ने कहा कि राजस्व किसी भी निकाय की आधारशिला होता है, इसलिए इसकी वसूली प्राथमिकता में की जाए। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष की 15 करोड़ रुपए की बकाया राशि दिसंबर 2026 तक वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों का वेतन हर हाल में महीने के पहले सप्ताह में जारी हो जाना चाहिए। - टेंडर प्रक्रिया में देरी पर जताई नाराजगी बैठक के दौरान सचिव ने विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि टेंडर जारी होने के बाद तय समय सीमा पूरी होते ही अनुबंध कर कार्य तुरंत शुरू कराया जाए, ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने निर्माणाधीन और अधूरे कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। - पीएम ई-बस और एजुकेशन हब परियोजना की समीक्षा सचिव आर. संगीता ने पीएम ई-बस सेवा के तहत मिलने वाली बसों के जल्द पहुंचने की उम्मीद जताई और कोनी स्थित निर्माणाधीन चार्जिंग स्टेशन व बस डिपो को एक महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मधुबन स्थित एजुकेशन हब के अंतर्गत बन रहे नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना कई युवाओं के भविष्य को संवारने वाली है। - आदर्श वार्ड बनाने पर जोर वार्ड नोडल अधिकारियों से सचिव ने कहा कि वे अपने-अपने वार्डों को आदर्श वार्ड बनाने की दिशा में कार्य करें, जहां सडक़, पानी, बिजली और सफाई की बेहतर व्यवस्था हो। उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्ड और अधिकारियों को सम्मानित करने की बात भी कही गई। - स्वच्छता पर विशेष फोकस सचिव ने निर्देश दिए कि शहर के सभी घरों से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए और सार्वजनिक स्थानों के साथ सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पीएम स्वनिधि, पीएम आवास, पेंशन समेत सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना बाधा पहुंचाने के निर्देश दिए। - कछार प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पीएम आवास का निरीक्षण दौरे के दौरान सचिव आर. संगीता ने स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स, कोनी स्थित सिटी बस चार्जिंग स्टेशन, आकांक्षीय शौचालय, कछार स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, बिरकोना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और खमतराई स्थित पीएम आवास परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा हर घर से कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। - स्वच्छता दीदियों से किया संवाद दौरे के अंतिम चरण में सचिव मोपका गौठान स्थित एसआरएलएम सेंटर पहुंचीं, जहां उन्होंने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने, लोगों को जागरूक करने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की। सचिव ने कहा कि मातृ शक्ति में अपार क्षमता होती है और महिलाएं स्वच्छता क्रांति की अगुवाई कर सकती हैं। इस दौरान स्वच्छता दीदियों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं और स्वयं निर्मित उत्पाद सचिव को भेंट किए। - 23 मई 2026