क्षेत्रीय
23-May-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी जिला फिरोजाबाद द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का मंगलवार को समापन हो गया। जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में अत्यंत अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुए वर्ग के दूसरे दिन तीन सत्र आयोजित किए गए। आठवें सत्र में मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया एवं एआई विषय पर प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट दीपक बघेल और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश रावत ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं से संवाद कर तकनीकी जानकारी साझा की। सत्र की अध्यक्षता टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह घनगर ने की। नवम सत्र कार्यकर्ता विकास, संभाल विषय पर क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष व प्रशिक्षण महाभियान संयोजक वीरेंद्र अग्रवाल ने संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता पूर्व क्षेत्रीय मंत्री अश्विनी भारद्वाज ने की। दसवें सत्र में देश के समक्ष चुनौतियां/नेरैटिव विषय पर राष्ट्रीय किसान मोर्चा अध्यक्ष व सांसद राजकुमार चाहर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान चुनौतियों, संगठनात्मक दायित्वों, लाभार्थी संपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण और प्रदेश के विकास में पार्टी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। चाहर ने कहा कि वर्तमान वैश्विक एवं राष्ट्रीय परिदृश्य में राजनीतिक स्थिरता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं से अंत्योदय, सुशासन एवं राष्ट्र प्रथम के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की विचारधारा का सजग प्रहरी है। इस सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने की। ग्यारहवें व समापन सत्र में कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों में कुशलता से प्रशिक्षित कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को पुनः विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रेरणा है। जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी अनिल चौधरी की देखरेख में हुए इस आयोजन में विधायक प्रेमपाल सिंह घनगर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, पूर्व विधायक शिव सिंह चक, हरिओम यादव, चेयरमैन भंवर सिंह ठेकेदार, मीडिया प्रभारी डॉ. अमित गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार बाबू सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ अध्यक्ष व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री आकाश शर्मा ने किया। - ईएमएस फिरोजाबाद