- पुराने कर्मचारी ने नये मैनेजर को जड़े थप्पड़, कोतवाली थाने में दर्ज हुई एफआईआर अशोकनगर (ईएमएस)। जिला अस्पताल में शुक्रवार रात आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अस्पताल के गेट पर एक आउटसोर्स कर्मचारी और पूर्व सुपरवाइजर ने मैनेजर के साथ विवाद करते हुए उसे थप्पड़ जड़ दिए। यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित मैनेजर ने मामले की शिकायत नई कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मचारियों का ठेका संभालने वाली कंपनी के मैनेजर राज यादव ने बताया कि शुक्रवार रात उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारी हरीचरण रजक को अस्पताल के अंदर जाते देखा। जब मैनेजर ने हरीचरण को रोककर उसके काम के बारे में पूछताछ की और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने को कहा, तो वह भड़क गया और विवाद करने लगा। विवाद के दौरान ही अस्पताल का पूर्व आउटसोर्स सुपरवाइजर कारण पल भी वहां पहुंच गया। मैनेजर राज यादव के अनुसार, हरीचरण रजक और कारण पल दोनों ने मिलकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए थप्पड़ जड़े। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित मैनेजर ने बताया कि जिला अस्पताल में पिछले कुछ समय से आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें सख्त निर्देश दिए थे कि वे संदिग्ध लोगों से पूछताछ करें और उन पर नजर रखें। इसी निर्देश का पालन करते हुए मैनेजर रात के समय अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग कर रहे थे। अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि इस विवाद के पीछे पुरानी और नई कार्यप्रणाली का टकराव भी एक बड़ा कारण है। अस्पताल में पहले से काम कर रहे कर्मचारियों और ठेका कंपनी द्वारा रखे गए नए कर्मचारियों के बीच आपसी सामंजस्य नहीं बन पा रहा है, जिसके कारण अक्सर ऐसी विवाद की स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। - ईएमएस / 23/05/2026