क्षेत्रीय
23-May-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिला अशोकनगर में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों हेतु पुलिस लाइन अशोकनगर में दिनांक 11 मई से प्रारंभ किया गया 10 दिवसीय ब्राइटर माइंड प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक बीते शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोकनगर गजेंद्र सिंह कँवर द्वारा बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि बच्चों का मानसिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास ही उनके उज्ज्व्वल भविष्य की सशक्त नींव है। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने, आत्मविश्वास विकसित करने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा अपनी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता, निर्णय क्षमता एवं मानसिक दक्षता को विकसित करने में अत्यंत सहायक होते हैं, जिससे भविष्य में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने में मदद मिलती है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करने की अपील की। यह नवाचारपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने एवं उसे निखारने की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। - ईएमएस / 23/05/2026