- डीएम-एसपी ने बढ़ाया उत्साह फतेहपुर (ईएमएस)। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट फतेहपुर में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान लोकोमोटर, श्रवण बाधित (एचआई) तथा दृष्टिबाधित (वीआई) श्रेणी के दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों की मेहनत, आत्मविश्वास और लगन की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर छात्र-छात्राएं भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्पण से बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। वहीं अभिमन्यु मांगलिक ने छात्र-छात्राओं को सफलता की बधाई देते हुए उनके माता-पिता के समर्पण और परिश्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपलब्धियां उनके परिवार और समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विशेष शिक्षक उमा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। शीबू खान/ ईएमएस 23 मई, 2026