क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- शहीदों के बलिदान को नमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा शमां मधुबनी, (ईएमएस)। सेना झंडा दिवस के अवसर पर मधुबनी के नगर भवन में आयोजित एक शाम शहीदों के नाम सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरा सभागार देशभक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कलाकारों ने अपने मनमोहक प्रदर्शन के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। इस दौरान जिला के लगभग 40 सेवानिवृत्त सैनिकों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि देश के वीर जवानों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और नागरिक शांति एवं स्वतंत्रता का जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को सहेजने तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से देशहित और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है.कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव, उप मेयर अमानुल्लाह खान, सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा, झा,प्रशांत कुमार सहित कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन की लोगों ने सराहना की और शहीदों के सम्मान में आयोजित इस पहल को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और शहीदों के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २३ मई/२०२६/ईएमएस