क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- 25 वारंट, 3 इश्तेहार और 103 सम्मन का हुआ निष्पादन मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मधुबनी के पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत जिले भर में कार्रवाई करते हुए कुल 68 आरोपित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जिला के विभिन्न थाना में 25 वारंट, 3 इश्तेहार तथा 103 सम्मनों का निष्पादन किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपित शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में शराब, डीजल, मोटरसाइकिल और पशुधन भी बरामद किया है। एसपी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, पुलिस पर हमला सहित अन्य गंभीर अपराधों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को प्राथमिकता देना था।अभियान के दौरान पुलिस ने 25 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शराब कारोबार से जुड़े 10 आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के 1 आरोपी, हत्या के मामले के 1 आरोपी, हत्या के प्रयास के 6 आरोपी, महिला उत्पीड़न के 1 आरोपी, पॉक्सो अधिनियम के 1 आरोपी, पशु क्रूरता अधिनियम के 6 आरोपी, शादी की नीयत से अपहरण के 1 आरोपी तथा अन्य मामलों के 16 आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 252 लीटर देशी एवं विदेशी शराब, 105 लीटर डीजल, 6 मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध जिले में आगे भी इसी प्रकार विशेष अभियान जारी रहेगा तथा फरार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सक्रियता के साथ कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया है ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २३ मई/२०२६/ईएमएस