-शिवपुरी में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए आए थे केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल - दोनों ने अलग-अलग मीडिया से चर्चा की लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी छाई रही शिवपुरी (ईएमएस) ।शिवपुरी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाग लिया और यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी कार्यकर्ताओं के इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के बाद दोनों नेताओं ने अलग-अलग रूप से पत्रकारों से चर्चा की। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से जब पत्रकारों ने कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सवाल किया तो ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वह इस पर कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं देंगे। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश की जनता पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में हमारे प्रधानमंत्री जी जुटे हुए हैं। दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ मंथन किया है और इस लक्ष्य को लेकर सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, मंत्री गण काम कर रहे हैं। संचार मंत्री सिंधिया ने कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सीधी कोई प्रतिक्रिया से बचने की कोशिश की। कई वर्षों से जनता के बीच सक्रिय हैं भाजपा व अन्य दल- इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पत्रकारों से चर्चा की। जब उनसे कॉकरोच जनता पार्टी बढ़ते फॉलोअर्स को लेकर मीडिया ने सवाल पूछा तो खंडेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया और जमीनी राजनीति में बहुत बड़ा अंतर होता है। उन्होंने कहा, कई बार कोई बात तेजी से वायरल हो जाती है और कुछ दिनों तक चर्चा में बनी रहती है, लेकिन उसका प्रभाव लंबे समय तक नहीं टिकता। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस या कोई भी अन्य दल हो, वे अपनी विचारधारा और संगठन के दम पर कई वर्षों से जनता के बीच सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। केवल वही पार्टी या विचारधारा लंबे समय तक टिक पाती है, जो जनता के बीच रहकर काम करती है। ऐसे में कॉकरोच जनता पार्टी की तुलना स्थापित राजनीतिक दलों से करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। बंद कमरे में हुई एक घंटे की चर्चा- भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत शिवपुरी के एक निजी होटल में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच बंद कमरे में एक घंटे तक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने साथ में ही नाश्ता किया और पार्टी की विभिन्न गतिविधियां और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच बंद कमरे में एक घंटे तक की यह बातचीत चर्चा का विषय बनी हुई है। रंजीत गुप्ता, २३ मई, २०२६