- सिहोरा क्षेत्र में सांसद आशीष दुबे का जनसंपर्क दौरा जबलपुर (ईएमएस)। लोकसभा क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने शनिवार को सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के कुंडेश्वर धाम और चौरई मंडल की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सांसद ने महंगवा, सुपावारा, चौरईकला, भैसवाही, हरदूलीकला, जतपुरी, देवहरा, महेशपुरी, बिलटुकरी, दरगढ़ और लखनवारा सहित कई पंचायतों में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निराकरण के निर्देश दिए। प्रवास के दौरान सांसद दुबे ने विधायक संतोष बरकड़े के साथ करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक नंदनी मरावी, जनपद अध्यक्ष सुरेन्द्र धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र बरकड़े सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 23 मई 2026/ 05.30