23-May-2026
...


- नारेबाजी कर दी चेतावनी— किसी भी हाल में नहीं खुलने देंगे दुकान बालाघाट (ईएमएस). शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 बूढ़ी में स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत महिलाओं का विरोध अब नए स्थान को लेकर भी शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार इस दुकान को सिविल लाइन स्थित रैन बसेरा के समीप स्थानांतरित करने का प्रस्ताव सामने आया है, जिसका स्थानीय महिलाओं ने कड़ा विरोध किया है। शनिवार को रैन बसेरा क्षेत्र की महिलाओं ने एकजुट होकर प्रस्तावित स्थल पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। जैसे ही उन्हें दुकान शिफ्ट किए जाने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर इक_ा हो गईं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी परिस्थिति में इस स्थान पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि रैन बसेरा के आसपास आम नागरिकों, यात्रियों और जरूरतमंद लोगों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे संवेदनशील स्थान के पास शराब दुकान खोले जाने से सामाजिक वातावरण बिगडऩे के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किया जाए और रैन बसेरा जैसे सार्वजनिक व संवेदनशील स्थलों के आसपास शराब बिक्री पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। भानेश साकुरे / 23 मई 2026