खेल
24-May-2026


मुंबई (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 30 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 205 रन बनाए। टीम के लिए ध्रुव जुरेल ने 38 रन, जोफ्रा आर्चर ने तेज़ 32 रन और दसुन शनाका ने 29 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं रवींद्र जडेजा ने नाबाद 19 और नंद्रे बर्गर ने 3 गेंदों में 10 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई की ओर से दीपक चाहर और शार्दूल ठाकुर ने 2-2 विकेट हासिल किए। 206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि सूर्यकुमार यादव ने 60 रन और हार्दिक पंड्या ने 34 रनों की तेज़ पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। विल जैक्स ने भी 33 रन बनाए, लेकिन टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 175 रन ही बना सकी। राजस्थान की जीत के हीरो जोफ्रा आर्चर रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट झटके। ब्रिजेश शर्मा और यश पुंजा ने 2-2 विकेट लेकर मुंबई की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। राजस्थान ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सुबोध/२४ -०५-२०२६