मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के साथ अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए अभिनेत्री पूजा भट्ट ने सोशल मीडिया पर खास तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों को मशहूर फोटोग्राफर गौतम राजाध्यक्ष ने कैमरे में कैद किया था। तस्वीरों में पूजा भट्ट और आमिर खान सफेद कपड़ों में बेहद सहज अंदाज में पोज देते नजर आ रहे हैं। फोटोशूट की सादगी और दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। तस्वीरें साझा करते हुए पूजा भट्ट ने लिखा कि किसी दिन वह इन अचानक खींची गई तस्वीरों के पीछे की पूरी कहानी जरूर बताएंगी। उन्होंने बताया कि यह फोटोशूट गौतम राजाध्यक्ष के ह्यूज रोड स्थित घर की बालकनी में किया गया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी उस कहानी को साझा करने का समय नहीं आया है और लोगों को थोड़ा इंतजार करना होगा। पूजा भट्ट ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि वह पहले आमिर खान की यादें ताजा करवाना चाहती हैं और कई साल पहले किए गए एक वादे को निभाते हुए सही समय आने पर पूरी कहानी साझा करेंगी। उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार तस्वीरों और दोनों कलाकारों की पुरानी फिल्मों को याद कर रहे हैं। गौरतलब है कि पूजा भट्ट और आमिर खान ने साथ में कई फिल्मों में काम किया है। दोनों की जोड़ी को खास तौर पर फिल्म दिल है कि मानता नहीं में काफी पसंद किया गया था। साल 1991 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन महेश भट्ट ने किया था, जबकि इसका निर्माण गुलशन कुमार ने किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी और पूजा भट्ट के करियर की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है। इसी फिल्म के जरिए उन्होंने मुख्यधारा की अभिनेत्री के तौर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। इसके अलावा दोनों कलाकार पहला नशा में भी साथ नजर आए थे। साल 1993 में रिलीज हुई इस मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था और यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म थी। फिल्म में दीपक तिजोरी, रवीना टंडन और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म की खास बात यह थी कि इसमें पहली बार आमिर खान और शाहरुख खान एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आए थे। सुदामा/ईएमएस 25 मई 2026