क्षेत्रीय
25-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के सायन इलाके में स्थित प्रतीक्षा नगर बेस्ट बस डिपो में रविवार देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई। महज डेढ़ घंटे के भीतर डिपो में खड़ी दो बेस्ट बसों में अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, अग्निशमन विभाग की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दोनों बसें बुरी तरह जलकर खाक हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार, पहली बस में रात करीब 12.15 बजे अचानक आग लगी। आग की लपटें उठती देख डिपो कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। इसी दौरान लगभग एक से डेढ़ घंटे बाद डिपो में खड़ी दूसरी बस ने भी अचानक आग पकड़ ली। एक ही रात में लगातार दो बसों में आग लगने की घटना से डिपो प्रशासन और आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि पहली बस कुलाबा रूट पर अपनी नियमित सेवा पूरी करने के बाद डिपो में वापस आई थी और पार्क की गई थी। वहीं दूसरी बस आईपीएल मैचों के लिए रिजर्व रखी गई थी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। मामले की जांच बेस्ट प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा की जा रही है। सौभाग्य से आग लगने के समय दोनों बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। साथ ही डिपो कर्मचारियों और दमकल विभाग की सतर्कता के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्वेता/संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस