गरियाबंद(ईएमएस)। जिले की देवभोग पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन से 130 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्कर गांजे को सब्जी के कैरेट के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की कोशिश कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वाहन भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाला है। सूचना के बाद देवभोग थाना पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसमें ऊपर से सब्जी के कैरेट लोड किए गए थे। शुरुआती तौर पर वाहन सामान्य मालवाहक प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सब्जियों के कैरेट के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल पांडेय बताया, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा में गांजे की खेप किसने उपलब्ध कराई थी और उत्तर प्रदेश में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी ओडिशा सीमा पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के कथित तस्करों को पकड़ा था, जिनसे एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा बरामद किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026