क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- वाहन जांच अभियान में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई - नाबालिग चालकों के अभिभावकों से भरवाया गया पीआर बॉन्ड मधुबनी, (ईएमएस)। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने नाबालिग ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए मधुबनी जिला मुख्यालय में वाहन जांच अभियान चलाया। वाहन जांच के दौरान सात नाबालिग चालकों को ई-रिक्शा चलाते हुए पकड़ा गया। सभी ई-रिक्शाओं को जब्त कर ट्रैफिक थाना परिसर में रखा गया। बाद में नाबालिग चालकों के अभिभावकों को बुलाकर पीआर बॉन्ड भरवाया गया तथा भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की सख्त चेतावनी दी गई। जिला परिवहन पदाधिकारी राम बाबू ने बताया कि परिवहन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई ई-रिक्शा चालक नाबालिग पाए गए. जो बिना वैध आयु और आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चला रहे थे। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात ई-रिक्शाओं को जब्त कर लिया। जिसे ट्रैफिक थाना में जब्त कर रखा गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन पूरी तरह अवैध है और इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। कम उम्र के चालक अक्सर यातायात नियमों की पर्याप्त जानकारी नहीं रखते, जिसके कारण वे स्वयं के साथ-साथ यात्रियों और अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डालते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नाबालिग चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को ई-रिक्शा या अन्य व्यावसायिक वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि जांच के दौरान ऐसे मामले दोबारा सामने आते हैं तो संबंधित वाहन मालिकों और अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शहर में ई-रिक्शा चालकों और वाहन मालिकों के बीच हड़कंप की स्थिति देखी गई। परिवहन विभाग ने सभी अभिभावकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस